चंबा। जिले के लोगों को विभिन्न बीमारी के विशेषज्ञों से जांच करवाने का मौका मंगलवार को मैहला में मिलेगा। भरमौर विधायक डॉ. जनकराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा पखवाड़ा के तहत इस शिविर को लगाने की व्यवस्था की है। इसमें सभी बीमारियों के विशेषज्ञ मरीजों की जांच करने के लिए मौजूद रहेंगे।
उन्होंने कहा कि शिविर में हड्डी रोग, सर्जरी, मेडिसन, महिला रोग सहित अन्य रोगों के विशेषज्ञ अपनी सेवाएं देंगे। इस शिविर की शुरुआत विधायक ने राजनीति में आने से पहले की थी, जिसे उन्होंने जारी रखा है। इस शिविर में भरमौर विधानसभा के अलावा अन्य क्षेत्रों के लोग भी अपनी बीमारी की जांच करवा सकते हैं।
विधायक ने कहा कि उनके चुनाव क्षेत्रा में स्वास्थ्य सेवाओं का बुरा हाल है। स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों के पद रिक्त पड़े हैं। हाल ही में उन्होंने उच्च न्यायालय में याचिका दायर करके कुछ पदों को भरवाया है। शिविर में ऐसे विशेषज्ञ सेवाएं देंगे, जिन तक पहुंचना आकांक्षी जिले के लोगों के लिए मुश्किल है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की है कि वे इस शिविर का लाभ उठाएं।