एनसीईआरटी के राष्ट्रीय प्रशिक्षण में सीखी एआई और आईसीटी की बारीकियां
मास्टर ट्रेनर बन शिक्षकों को देंगे प्रशिक्षण, दूरदराज के स्कूलों तक पहुंचेगी आधुनिक तकनीक
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी के तीन जेबीटी शिक्षकों ने राष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
एनसीईआरटी की ओर से नई दिल्ली में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में निहाल शर्मा, राज कुमार राणा और चमन शर्मा ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण हासिल किया। अब तीनों शिक्षक मास्टर ट्रेनर के रूप में घाटी के अन्य अध्यापकों को प्रशिक्षित करेंगे।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षण कार्य में डिजिटल संसाधनों और नई तकनीकों के प्रभावी इस्तेमाल की जानकारी दी गई। इसके बाद तीनों शिक्षक क्लस्टर स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित कर अन्य अध्यापकों को प्रशिक्षित करेंगे। इसके तहत सुराल, हुडान, सेचू, सैचू, मिंधल और किलाड़ सहित दूरदराज के स्कूलों के शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण विधियों से जोड़ा जाएगा। इस पहल से पांगी के सरकारी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही विद्यार्थियों को तकनीक आधारित पढ़ाई के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।