चंबा में भरमौर के बाड़ी गांव में लगी आग से धूं-धूं कर जलता मकान और उठता धुआं।संवाद
भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर की संचुई पंचायत के बाड़ी गांव में तीन मंजिला मकान जलकर राख हो गया है। गांव तक सड़क नहीं होने के कारण दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंच पाए।
परिवार के सदस्य, ग्रामीण, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी ही दो घंटे तक बाल्टियों से पानी भर-भरकर आग को बुझाने में जुटे रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। हालांकि, साथ लगते अन्य मकानों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया। अग्निकांड में दिला राम पुत्र जेहरी राम का तीन मंजिला जलकर राख हो गया। आंखों के सामने आशियाना जलता देख प्रभावित परिवारों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। आग की घटना वीरवार सुबह करीब 11:30 बजे हुई। इस दौरान प्रभावित परिवार आंगन में बैठकर धूप सेंक रहा था। इस दौरान मकान से उठतीं आग की लपटें देखीं तो सभी तो सभी लोग मकान के भीतर दौड़े। ऊपरी मंजिल में तब तक आग रौद्र रूप धारण कर चुकी थी। सूचना मिलते ही आसपास के लोग और ग्रामीण भी पहुंच गए।
स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थी भी आग को बुझाने के लिए इकट्ठा हो गए। उन्होंने आसपास के घरों से बाल्टियों में पानी लाकर आग पर डालना शुरू किया। करीब दो घंटे तक स्थानीय लोग और विद्यार्थी आग बुझाने में जुटे रहे। तब जाकर मकान में लगी आग शांत हुई। दिलाराम के मकान में आग से सबकुछ जल गया है। परिवार अंदर रखा सामान नहीं बचा पाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी पहुंच गई। प्रशासन की तरफ से प्रभावित परिवार को फौरी राहत के रूप में 25000 रुपये की मदद दी गई है। नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के पटवारी को निर्देश दिए गए हैं। गांव तक सड़क न होने से दमकल विभाग की गाड़ी नहीं पहुंच पाई। इससे ग्रामीणों को आग बुझाने में दिक्कत पेश आई।
नागरिक उपमंडल अधिकारी भरमौर कुलबीर सिंह राणा ने बताया कि बाड़ी गांव में आग की चपेट में आने से तीन मंजिला मकान जला है। प्रशासन की तरफ से प्रभावित परिवार को फौरी राहत दी जा चुकी है। नुकसान का सही आकलन तैयार करने के लिए राजस्व विभाग को निर्देश दिए गए हैं।