चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा के हड्डी विशेषज्ञों ने जनवरी में तीन मरीजों के कूल्हों का प्रत्यार्पण किया है। ये मरीज बिना सहारा खड़े होने में असमर्थ थे। उनके कूल्हे बदलकर विशेषज्ञों ने उन्हें अपने पैरों पर खड़ा कर दिया है।
तीनों मरीज अपने पैरों पर खड़ा होने के बाद खुश हैं। मरीजों में एक 27 वर्षीय युवक भी है। वह डेढ़ वर्ष पहले दुुर्घटना का शिकार होने से चोटिल हुआ था। तबसे उसे कूल्हे की समस्या थी। इसके अलावा पचास और साठ वर्षीय बुजुर्गों के कूल्हे बदले गए हैं। इन बुजुर्गों के दोनों कूल्हे खराब हो चुके थे। विशेषज्ञों ने उनका एक-एक कूल्हा बदला है। कुछ दिनों बाद उनके दूसरे कूल्हे को भी बदला जाएगा। फिलहाल बुजुर्ग टांगों पर चलने में समर्थ हो चुके हैं।
हड्डी रोग विभाग के विशेषज्ञ इससे पहले भी चंबा में कई हड्डी संबंधी ऑपरेशन कर चुके हैं। रीढ़ की हड्डी के ऑपरेशन भी चंबा में किए जा रहे हैं। इसकी वजह से मरीजों को जिला के बाहर ठोकरें नहीं खानी पड़ी। सबसे बड़ी बात इन तीनों मरीजों के ऑपरेशन बिल्कुल मुफ्त हुए हैं। आयुष्मान भारत स्मार्ट कार्ड के जरिए इन मरीजों के ऑपरेशन हुए। चिकित्सकों को ऑपरेशन के लिए मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. रमेश भारती और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मोहन सिंह से भी सहयोग मिला।
ऑपरेशन करने वाली टीम में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मानिक सहगल, डॉक्टर सुभाष, डॉक्टर राकेश वर्मा, डॉ. सरवेश, डॉ. नवीन और डॉ. संतुष्ट, एनीस्थिसिया डॉक्टर केवल, डॉ. परवेज, डॉ. सलोनी, डॉ. सुनील और सीनियर ओटीए रमेश ठाकुर, कमल, सुनील और मुन्ना सहित स्टाफ नर्सें शामिल हैं।
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मानिक सहगल ने बताया कि जनवरी में तीन मरीजों के कूल्हे के सफल ऑपरेशन किए गए हैं। ऑपरेशन के बाद तीनों मरीज बिना सहारा लिए चलने में समर्थ हो चुके हैं। आने वाले समय में ओर भी ऑपरेशन किए जाएंगे।