वाहन चालकों और राहगीरों को गड्ढों, धूल-मिट्टी से मिलेगी निजात
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चरण चार में पक्की जाएगी यह सड़क
सड़क पर दुर्घटना संभावित सभी स्थानों पर लगाए जाएंगे क्रैश बैरियर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी के उदीन गांव को जोड़ने वाली तीन किलोमीटर सड़क नौ करोड़ से चकाचक होने वाली है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना चरण चार के तहत सड़क को पक्का करने की मंजूरी मिली है।
दुर्घटना संभावित स्थानों पर क्रैश बैरियर भी लगाए जाएंगे। विभाग ने टारिंग के लिए टेंडर करवा दिए हैं। बारिश और बर्फबारी का दौर खत्म होने पर ठेकेदार को टेंडर अवार्ड कर कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। इसके बाद इस सड़क पर आवाजाही करने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। काफी सालों से स्थानीय लोग इस सड़क को पक्का करने की मांग उठा रहे थे।
स्थानीय निवासी मनोज कुमार, रवि कुमार, सुरेंद्र, कुलदीप, मनीष, हरीश कुमार, जयचंद और तेज सिंह ने बताया कि उदीन गांव के लिए जाने वाली सड़क पर गड्ढों की भरमार थी। इस कारण गाड़ी चलाना काफी खतरनाक रहता था। ऐसे में वहां सॉलिंग और टारिंग होने के बाद यह समस्या खत्म हो जाएगी। लोग वाहनों में आराम से सफर कर पाएंगे। उन्होंने सरकार और विभाग से मांग की है कि इस कार्य को शीघ्र शुरू करवाया जाए।
लोक निर्माण विभाग मंडल किलाड़ के अधिशासी अभियंता रवि कुमार शर्मा ने बताया कि उदीन गांव की सड़क को पक्का करने के लिए टेंडर हो चुका है। बारिश और बर्फबारी थमने के बाद इस कार्य को शुरू करवाया जा सकता है।