हिमाचल के चंबा जिले में मंगलवार को कोरोना से तीन और लोगों की मौत हो गई है। इसमें एक बुजुर्ग और दो बुजुर्ग महिलाएं शामिल हैं। महिला और पुरुष मरीज को सांस लेने में दिक्कत, निमोनिया, शुगर जैसी बीमारियां थीं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों शवों को परिजनों को सौंप दिया है। जिले में कोरोना से अभी तक 40 लोग जान गंवा चुके हैं।
जानकारी अनुसार विस क्षेत्र भटियात के तहत समोट ब्लॉक के क्षेत्र का 49 वर्षीय व्यक्ति सांस की बीमारी से पीड़ित था। पांच नवंबर को व्यक्ति की सैंपल रिपोर्ट के बाद वह कोरोना संक्रमित पाया गया। इसके बाद उसे डीसीएचसी में भर्ती होने के बारे में हिदायत दी गई। मगर व्यक्ति ने होम आइसोलेट होकर रहने की बात कही। होम आइसोलेट व्यक्ति की प्रतिदिन स्वास्थ्य विभाग की टीम मॉनिटरिंग करती रही। इसके साथ ही मेडिकल ऑफिसर ने वीडियो कॉलिंग के जरिये भी व्यक्ति से संपर्क किया जाता रहा। मंगलवार सुबह अचानक व्यक्ति को सांस लेने में तकलीफ बढ़ने लगी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
एंबुलेंस के जरिये उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र समोट पहुंचाया गया। यहां पर प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद उन्हें वहां से शिफ्ट किया जा रहा था कि दोपहर 12 बजे उनकी मौत हो गई। वहीं, दूसरी और शहर के साथ लगते सुराड़ा निवासी 67 वर्षीय महिला ने टांडा में दम तोड़ा। महिला डायबिटीज की मरीज थी। महिला की कोविड टेस्ट रैट मशीन में किया गया था। यहां महिला कोरोना पॉजिटिव निकली। महिला को सात दिसंबर को डीसीएचसी डलहौजी में दाखिल किया गया। इसी दिन महिला को टांडा रेफर कर दिया गया। महिला की मंगलवार सुबह चार बजे मौत हो गई। जबकि तीसरे मामले में समोट की महिला ने देर शाम दम तोड़ दिया है।
सीएमओ चंबा डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि जिले में मंगलवार को तीन लोगों की मौत हो गई। इसमें एक महिला ने मेडिकल कॉलेज टांडा तो होम आइसोलेट उपचाराधीन दूसरे एक व्यक्ति ने दम तोड़ा है। जबकि एक अन्य बुजुर्ग महिला की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि जिले में कोरोना से मौत का आंकड़ा 41 पहुंच गया है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे कोरोना गाइडलाइन की अनुपालना करें और लक्षण दिखने पर कोरोना की जांच करवाएं।