चंबा के लाहडू-सिहुंता मार्ग पर पनियाले माता मंदिर के पास भारी बारिश के कारण सड़क पर बहता नाले
चंबा। जिला चंबा में देर रात को हुई बारिश से खासा नुकसान हुआ है। बारिश से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। जिले भर में भारी बारिश के चलते तीन गोशालाएं जर्जर हो गई हैं। एक कच्चा मकान भी धराशायी हुआ है।
एक पक्का मकान भी खतरे की जद में आया है। भटियात और चंबा उपमंडल में यह नुकसान हुआ है। प्रशासन ने राजस्व विभाग की टीम को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। नुकसान की रिपोर्ट जल्द देने को कहा है, जिससे प्रभावितों को उचित मुआवजा दिया जा सके।
जानकारी के अनुसार शनिवार रात से रविवार दोपहर तक बारिश का दौर जारी रहा। राहत की बात है कि इस बारिश के कारण भरमौर-पठानकोट नेशनल हाईवे अवरुद्ध नहीं हुआ। पूरा दिन हाईवे पर वाहनों की आवाजाही जारी रही। दूसरी तरफ, सिहुंता-लाहड़ू मार्ग छह घंटे बंद रहा। होली मार्ग भी मनून घार के समीप अवरुद्ध हुआ है। इस मार्ग को बहाल करने में मशीनरी जुटी है। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि बारिश के दौरान हुए नुकसान रिपोर्ट तैयार करने बारे आदेश दिए गए हैं।