चंबा। पहली से आठवीं कक्षा तक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। प्रारंभिक शिक्षा विभाग चंबा ने इस बारे में समस्त शिक्षा खंडों को निर्देश जारी कर दिए हैं। विभाग ने समस्त खंडों से एक सप्ताह के भीतर विद्यार्थियों की संख्या मांगी है।
विद्यार्थियों की संख्या पहुंचने पर विभाग की ओर से आवेदनों की जांच की जाएगी। इसके बाद आगामी स्वीकृति के लिए मामला भेजा जाएगा। योजना के तहत इस बार बजट खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारियों को जारी किया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर ही यह राशि विद्यार्थियों को दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार आईआरडीपी छात्रवृत्ति योजना के तहत पहली से पांचवीं कक्षा तक विद्यार्थियों को पांच सौ रुपये और छठी से आठवीं कक्षा तक विद्यार्थियों को सात सौ रुपये सालाना छात्रवृत्ति दी जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को सरकार की ओर से सहायता राशि दी जा सके। गौरतलब है कि विभाग ने अभिभावकों से भी आह्वान किया है कि वे अपने बच्चों के खाते बैंकों में खुलवाएं, जिससे कोई भी विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित न रहे। उधर, कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक ज्ञान चंद ने बताया कि योजना के तहत आवेदन मांगे गए हैं। कहा कि सभी स्कूल जल्द से जल्द बच्चों के आवेदन भेजें।