चंबा। समोट ब्लॉक में एक साथ कोरोना पॉजिटिव के तीन केस आने से हड़कंप मच गया है। तीनों युवक कुछ दिन पहले दिल्ली से लौटे थे। इन्हें होम क्वारंटीन किया गया। सोमवार को इनके सैंपल जांच के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजे गए। इसकी रिपोर्ट मंगलवार देर रात को चंबा पहुंची। रिपोर्ट में तीनों युवक कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
बुधवार को तीनों युवकों को एंबुलेंस के जरिये कोविड केयर सेंटर बालू लाया गया। यहां पर उन्हें चिकित्सीय निगरानी में रखा जाएगा। दस दिनों तक उनका उपचार किया जाएगा। इसके बाद उनके रिपीट सैंपल लेकर जांच को भेजे जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को तीनों युवकों के संपर्क में आए लोगों की सूची बनाकर उनके सैंपल एकत्रित किए हैं। इन्हें जांच के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इन सैंपलों की रिपोर्ट वीरवार को चंबा आएगी। कोरोना पॉजिटिव आए तीन युवकों में दो थनोली और एक बन्नी गांव से हैं। इन क्षेत्र में प्रशासन की ओर से सख्ती बढ़ा दी गई है। कोरोना पॉजिटिव केस आने के साथ-साथ कोविड केयर सेंटर में रखे तीन कोरोना संक्रमित ठीक हुए।
इन्हें बुधवार को घर भेज दिया गया। इस तरह तीन नए एक्टिव केस आने के साथ तीन संक्रमित स्वस्थ भी हुए हैं। इस तरह कोविड केयर सेंटर में दस कोरोना संक्रमित बचे हैं। जबकि 31 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। जिले में अभी तक 42 लोग कोरोना संक्रमण से संक्रमित हुए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि तीन नए एक्टिव केस आने के साथ तीन संक्रमित स्वस्थ होकर घर भी भेजे गए हैं। संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों के सैंपल जांच को भेजे गए हैं।