चंबा। जिले में कोरोना के गंभीर पीड़ितों की संख्या धीरे-धीरे बढ़ना शुरू हो गई है। पहले जहां कोविड अस्पताल में एक भी मरीज भर्ती नहीं था अब वहां तीन मरीज भर्ती हो चुके हैं। जिले में कोरोना सक्रिय मरीजों की संख्या 86 पहुंच चुकी है। इनमें से 83 मरीज स्वास्थ्य विभाग ने होम आइसोलेट किए हैं। क्योंकि ये मरीज सामान्य लक्षणों से पीड़ित हैं जबकि गंभीर रूप से पीड़ित मरीजों को उपचार के लिए कोविड अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिले के विभिन्न स्वास्थ्य खंडों में 137 लोगों के कोरोना सैंपल लिए। इन सैंपलों की जांच आरटीपीसीआर और रैट के जरिये की गई। इनमें 10 लोग कोरोना संक्रमित निकले। राहत की बात यह रही कि शुक्रवार को होम आइसोलेट मरीजों में से 13 मरीजों ने कोरोना को मात देने में सफलता हासिल की। कोरोना का खतरा देश और प्रदेश में तेजी के साथ बढ़ रहा है। जिला चंबा काफी समय से कोरोना मुक्त चल रहा था लेकिन अब यहां भी कोरोना के सक्रिय मरीज 80 के पार हो चुके हैं। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लोगों को बार-बार कोविड नियमों की पालना करने के लिए सचेत कर रहे हैं। जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर हरित पुरी ने बताया कि शुक्रवार को कोरोना के दस नए मामले दर्ज हुए हैं जबकि 13 मरीजों ने कोरोना को मात भी दी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे कोविड नियमों की पालना करने में कोई भी कोताही न बरतें। घर से बाहर निकलते समय मास्क अवश्य पहनें।