चंबा। चंबा-सिल्लाघ्राट मार्ग पर सड़क के किनारे खड़ी गाड़ी से बाइक टकराने से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। युवकों को उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। घायलों की पहचान रणवीर सिंह (22) पुत्र सरोज कुमार निवासी गांव कलौता और ज्ञानू पुत्र कालू राम निवासी गांव सलोट डाकघर जडेरा के रूप में हुई है। ये युवक शुक्रवार शाम के समय चंबा से सिल्लाघ्राट की तरफ जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइख जडेरा के पास पहुंची तो चालक का बाइक पर से नियंत्रण बिगड़ गया और बाइक सड़क के किनारे खड़ी गाड़ी से जा टकराई। इससे युवक सड़क पर गिर पड़े। टकराव की आवाज को सुनकर आसपास के लोग वहां इकट्ठा हो गए। लोगों ने घायलों को चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के उपरांत दोनों को अस्पताल में भर्ती कर लिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने अस्पताल में घायलों के बयान कलमबद्ध किए और घटनास्थल में जाकर मुआयना भी किया। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही रही है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।