बनीखेत (चंबा)। चंबा पुलिस ने वीरवार तड़के तुन्नुहट्टी में कार सवार तीन युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार कर लिया। चिट्टे को जब्त करने के साथ ही पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है, वहीं कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार तड़के पुलिस चौकी तुन्नुहट्टी के पास मुख्य आरक्षी मनजीत सिंह ने टीम के साथ नाका लगा रखा था। उसी दौरान दुनेरा की ओर से एक कार नंबर एचपी-47-9655 आई। कार को नाके पर खड़ी पुलिस ने चेकिंग के लिए रोका। चेकिंग के दौरान जब पुलिस कार सवारों से पूछताछ कर रही थी, तो गाड़ी में सवार तीनों युवक घबरा गए और संदिग्ध हरकतें करने लगे। उनकी घबराहट को देखते हुए पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो उनके कब्जे से 1.40 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
पुलिस ने कार में सवार 20 वर्षीय अभिषेक निवासी गांव कंडा डाकघर बनीखेत, 28 वर्षीय नितिन वर्मा निवासी गांव देवीदेहरा डाकघर बाथरी और 29 वर्षीय विवेक कुमार निवासी गांव पुखरी डाकघर बनीखेत के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21,25 और 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीएसपी डलहौजी विशाल वर्मा ने बताया कि पुलिस ने तीन युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।