चंबा कॉलेज परिसर में हुड़दंग मचाने और मारपीट करने के आरोप में की कार्रवाई
बीते दिनों कॉलेज परिसर में एसएफआई और एबीवीपी के बीच हुई थी खूनी झड़प
सीसीटीवी फुटेज और अनुशासन समिति की रिपोर्ट के आधार पर की गई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। स्थानीय कॉलेज में हुड़दंग मचाने और मारपीट करने के आरोप में एबीवीपी के तीन कार्यकर्ताओं को 15 दिन के लिए निष्कासित कर दिया गया है। कॉलेज प्रशासन ने इस बारे में लिखित आदेश जारी कर दिए हैं।
कॉलेज प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज और कॉलेज की अनुशासन समिति की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है। पुलिस चौकी सुल्तानपुर में भी सीसीटीवी फुटेज पेन ड्राइव के जरिये भेज दी है। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परिसर में किसी प्रकार का हुड़दंग और मारपीट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कॉलेज प्रशासन की ओर से की जा रही इस कार्रवाई का मकसद कॉलेज में पढ़ाई का माहौल बनाए रखना है जिससे अन्य छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जानकारी के अनुसार बीते दिनों कॉलेज परिसर में एसएफआई और एबीवीपी के कार्यकर्ताओं के बीच खूनी झड़प हो गई थी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोहे की रॉड और ग्रिप से एक-दूसरे पर हमला कर दिया था। इसमें दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं को चोटें आई थीं। बहरहाल, मामला पुलिस तक जा पहुंचा। दोनों संगठनों ने एक-दूसरे के खिलाफ पर प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। कॉलेज प्रशासन ने भी पुलिस चौकी सुल्तानपुर में शिकायत पत्र दिया और मामले की गहनता से जांच करने की गुहार लगाई थी।
गौरतलब है कि इसी मामले को लेकर दो दिन पहले एसएफआई के तीन छात्रों को 15 दिन के निष्कासित किया गया है। बहरहाल, अब एबीवीपी के कार्यकर्ताओं पर भी गाज गिरी है।
सीसीटीवी की फुटेेज और अनुशासन समिति की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। पुलिस को भी सीसीटीवी फुटेज की क्लिप पेन ड्राइव के माध्यम से सौंपी गई है। कॉलेज परिसर में किसी प्रकार की हुड़दंगबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। - प्रो. राकेश राठौर, प्राचार्य