चंबा। आलू की बिजाई का सीजन शुरू हो चुका है। इस बार सरकार ने बीज की कीमत 40 रुपये प्रति किलो निर्धारित की है, जो पिछले साल से दो रुपये प्रति क्विंटल अधिक है। यही नहीं, पिछली बार 11 रुपये अनुदान मिला था। इस बाद यह अनुदान भी नहीं मिलेगा। इस तरह प्रति किलो के हिसाब से आलू का बीज 13 रुपये महंगा मिलेगा।
कृषि विभाग के अनुसार जिले के किसानों द्वारा इस बार कुल 1,660 क्विंटल आलू के बीज की मांग की गई थी, जिसे विभाग ने पूरा कर दिया है। संबंधित उपमंडलों को आलू के बीज की सप्लाई भी भेज दी है, ताकि किसान समय पर अपने खेतों में बिजाई कर सकें।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. भूपेंद्र सिंह ने कहा कि चंबा के लिए 300 क्विंटल, भरमौर के लिए 60 क्विंटल, मैहला के लिए 100 क्विंटल, सलूणी के लिए 1,000 क्विंटल और तीसा के लिए 150 क्विंटल आलू का बीज भेजा गया है। बीज उच्च गुणवत्ता का है और समय पर वितरण सुनिश्चित किया गया है।