तीसा (चंबा)। महाविद्यालय तीसा के लिए स्थापित 250 केवी क्षमता के विद्युत ट्रांसफार्मर को तहसनहस कर चोर एल्यूमीनियम समेत जंपर और केबल चुरा कर रफूचक्कर हो गए। इससे विद्युत बोर्ड प्रबंधन को पांच लाख के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। चोरों की ओर से इस घटना को अंजाम दिए जाने से शुक्रवार को तीसा महाविद्यालय समेत आसपास के आठ से दस घरों में अंधेरा पसरा रहा।
कॉलेज में बिजली गुल होने की सूचना मिलने के बाद कनिष्ठ अभियंता की अगुवाई में बोर्ड की टीम के मौके पर पहुंचने के बाद इसका खुलासा हुआ। नुकसान का आकलन तैयार करवाने के बाद घटना के बारे में पुलिस थाना तीसा और विद्युत बोर्ड के अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया है। चुराह उपमंडल के तहत राजकीय महाविद्यालय तीसा के भवन से कुछ ही दूरी पर 250 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया था। चोरों ने वीरवार रात को वहां पहुंचकर पूरे ट्रांसफार्मर को उखाड़ने की कोशिश की। इसमें असफल रहने पर शातिरों ने ट्रांसफार्मर का फ्यूज बंदकर उसकी केबल काटने के बाद उसे जमीन पर फेंक कर ट्रांसफार्मर के अंदर लगे सामान को निकालकर उसे पूरी तरह से तोड़ दिया। इस दौरान चोर बाहर की फेंसिंग को भी उठा कर अपने साथ ले गए। महाविद्यालय में बिजली न होने से शुक्रवार को विद्यार्थियों समेत प्रबंधन कार्यालय में कामकाज पूरी तरह से ठप पड़ा रहा।
चुराह में चोरों का खौफ इस कद्र बढ़ गया है कि अब लोग सड़क के किनारे अपने वाहनों को पार्क करने से भी परहेज करने लगे हैं। गत 13 जून को चोर तीसा में शिकारी नाले के समीप रखे विद्युत बोर्ड के खंभे पर हाथ साफ कर गए। इसका अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
विद्युत उपमंडल तीसा-प्रथम के कनिष्ठ अभियंता चमन सिंह ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस चोरों की धरपकड़ के लिए अपने स्तर पर जुट गई है।