किहार (चंबा)। राजकीय प्राथमिक पाठशाला जखराल का मुख्य लोहे का गेट शातिर चुराकर रफूचक्कर हो गए। एक सप्ताह के बाद शुक्रवार को विद्यालय पहुंचे विद्यार्थियों ने मुख्य गेट गायब देखा तो वे हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत जेबीटी अध्यापक को इसके बारे में सूचना दी। अध्यापक ने मौके पर पहुंच कर वास्तुस्थिति का जायजा लेने के बाद केंद्रीय मुख्य शिक्षक को इसके बारे में अवगत करवाया। इसके बाद बीईईओ के पास पहुंची सूचना के तहत किहार थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई।
सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर वास्तुस्थिति का जायजा लेकर चोरों की धरपकड़ के लिए अपने स्तर पर प्रयास आरंभ कर दिए हैं। उपमंडल सलूणी में धारा 144 के बीच शातिरों ने वारदात को अंजाम दे डाला। विद्यालय में वर्तमान समय में तीन दर्जन विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। जेबीटी अध्यापक मदन लाल ने बताया कि इससे पहले भी एक मर्तबा चोरों ने विद्यालय के एक कमरे का ताला तोड़ चोरी की वारदात को अंजाम देने की कोशिश की है।
सीएचटी अंजना कुमारी ने बताया कि अध्यापक से जानकारी मिलने के बाद बीईईओ को सूचित किया गया। उनके आदेश पर किहार थाने में शिकायत की गई है।
शिक्षा खंड सलूणी के बीईईओ जगदीश शर्मा ने बताया कि सीएचटी की सूचना मिलने पर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने के आदेश दिए गए हैं। सीएचटी ने बताया कि पहले भी क्षेत्र में कमरे का ताला तोड़ कर चोरी की नाकाम कोशिश की जा चुकी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि शिकायत पहुंची है। इस पर पुलिस टीम अपने स्तर पर जांच कर रही है।