चंबा के घोल्टी में दुकान में हुई चोरी को लेकर सीसीटीवी फुटेज चैक करते पुलिस कर्मचारी।संवाद
- फोटो : Chamba
चंबा। सरोल पंचायत के घोल्टी गांव में शातिर चोर हार्डवेयर की दुकान से कीमती सामान चोरी कर ले गए हैं। चोरी की इस वारदात को शनिवार रात्रि अंजाम दिया गया है। प्रभावित दुकानदार रक्षित महाजन पुत्र लवलीन महाजन गांव घोल्टी डाकघर सरोल ने दुकान ने सामान चोरी हुआ देख तुरंत पुलिस को इतलाह दी। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर अपने स्तर पर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
प्रभावित रक्षित महाजन ने बताया कि रोजमर्रा की तरह शनिवार को वे दुकान बंद कर घर चले गए। रविवार की सुबह 10:00 बजे जब उन्होंने दुकान का शटर खोल कर अंदर प्रवेश किया। दुकान के भीतर कैश काउंटर खुला देख उसका माथा ठनका। उन्होंने बिना वक्त गवाएं स्टोर में जाकर देखा तो स्टोर के दरवाजे का हैंडल टूटा हुआ था। भीतर जाकर देखा तो वहां से 12 कटर, 24 मोटर पंप, रूटर, और नलके चोरी थे। दुकानदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति का जायजा लेकर अपने स्तर पर जांच आरंभ कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने चोरी का मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। कहा कि पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच में जुट गई है।