चंबा। चंबा वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिला और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि शहर में धरोहरों और मंदिरों की सुरक्षा के लिए 24 घंटे पुलिस की तैनाती की जाए।
पदाधिकारियों का कहना है कि हाल ही में चामुंडा मंदिर के बाहर कुछ युवकों पर देवताओं पर टिप्पणी और मारपीट करने के आरोप लगे हैं, इस कारण दो दिन तक शहर में प्रदर्शन होता रहा। इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन और पुलिस को बेहतर व्यवस्था करनी चाहिए।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि शहर में सब्जी मंडी और चौगान नंबर दो व तीन में अतिक्रमण के चलते राहगीरों की आवाजाही काफी कठिन हो गई है। इससे लोगों को परेशानी पेश आ रही है। प्रशासन से मांग है कि यहां दुकानों की पैमाइश की जाए और अवैध कब्जों को हटाया जाए।
साथ ही राजनौण के समीप पीपल का पेड़ खतरा बढ़ा रहा है। इस कारण कुछ टहनियां काटी गईं है। अब पेड़ के मूल भाग को भी हटाकर वन विभाग की सहायता से नया पौधा लगाया जाए। साथ ही स्थल की पूर्ण सफाई करवाई जाए। इस मौके पर प्रधान ओम प्रकाश गोस्वामी, ईश्वरी प्रसाद शर्मा, सत्य प्रसाद वैद्य, विनय शर्मा और सुरेश कुश्मीरी मौजूद रहे।