चंबा कॉलेज में नारेबाजी करते छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
चंबा कॉलेज में एबीवीपी इकाई ने एक बैठक का आयोजन किया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश सह सचिव अश्वनी ठाकुर ने की। बैठक को संबोधित करते हुए अश्वनी ठाकुुर ने बताया कि चंबा कॉलेज में शिक्षक के साथ हुई मारपीट के कारण पिछले पांच दिनों से कॉलेज में पढ़ाई नहीं हो रही है। जिसका नुकसान हजारों छात्रों को उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक के साथ हुई मारपीट का मामला काफी शर्मनाक है। इसके अलावा इस घटना का शांतिप्रिय ढंग से विरोध कर रहे छात्रों के ऊपर पुलिस ने केस बना दिए हैं। जिससे छात्रों के भविष्य पर तलवार लटक गई है। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों के ऊपर बनाए केस वापस नहीं लिए जाते तब कॉलेज में हड़ताल जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि कॉलेज में चारदीवारी नहीं होने के कारण छात्रों के साथ शिक्षक वर्ग भी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है। लेकिन सरकार व प्रशासन छात्रों की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम उठाने को तैयार नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि छात्रों के ऊपर बनाए केस को वापस लिया जाए ताकि कॉलेज में शिक्षा का माहौल बन सके व कक्षाएं सुचारु रूप से चल सकें।