चंबा। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की प्रदेश सहमंत्री भवानी ठाकुर ने कहा कि हिमाचल शांतिपूर्ण वातावरण और मजबूत कानून व्यवस्था के लिए जाना जाता है। आज के समय में हिमाचल में जो घटनाएं हो रही हैं, इससे प्रदेश की छवि धूमिल हो रही है। उन्होंने यह बात जिला मुख्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रांत की कार्यकारिणी की बैठक 24 से 26 जनवरी तक नालागढ़ में हुई। इसमें पूर्व कार्यक्रमों की योजना और आगामी कार्यक्रमों को लेकर रणनीति तैयार की गई है। प्रदेश सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही है लेकिन अभी तक इन दावों को पूरा करने में पूरी तरह असमर्थ रही है। प्रदेश में नशा माफिया को बढ़ावा दिया जा रहा है। कहा कि प्रदेश सरकार पिछले दो साल से शिक्षकों और गैर शिक्षकों की भर्ती नहीं कर पाई है। साथ ही राष्ट्रीय शिक्षा नीति को भी सलीके से लागू नहीं कर पाई है। विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति की तैनाती भी सरकार नहीं कर पा रही है। प्रदेश में शिक्षा में फैली अव्यवस्था को लेकर इकाई प्राचार्याें को ज्ञापन सौंपेगी और धरना प्रदर्शन करेगी। साथ ही उपायुक्त के माध्यम से भी सरकार के समक्ष मुद्दे उठाए जाएंगे। कहा कि सरकार अगर निर्धारित अवधि में इन समस्याओं और मुद्दों का समाधान नहीं करती है तो एबीवीपी उग्र आंदोलन करेगी।