भरमौर (चंबा)। महाशिवरात्रि को लेकर चौरासी परिसर के धर्मराज और मणिमहेश मंदिर सहित सभी मंदिर फूलों से सजाए गए हैं। बस स्टैंड से लेकर चौरासी परिसर तक रास्ता रंग-बिरंगी लाइटों से जगमग किया गया है। महाशिवरात्रि की रात चौरासी परिसर में 10, 12, 2 और 4 बजे चार पहर की आरती होगी।
मणिमहेश एवं धर्मराज मंदिर के पुजारी पंडित हरिशरण शर्मा और मणिमहेश के पुजारी राकेश शर्मा ने बताया कि महाशिवरात्रि वाले दिन पवित्र शिवलिंग की विशेष पूजा होगी। बेल पत्र जलाभिषेक किया जाएगा। मान्यता है कि राधाष्टमी को भगवान शंकर कैलाश छोड़कर पाताल की तरफ प्रस्थान करते हैं। महाशिवरात्रि तक उनका निवासी वहीं रहता है। महाशिवरात्रि को भगवान वापस कैलाश के लिए प्रस्थान करते हैं। इसलिए शिव भक्तों के लिए यह क्षण काफी मायने रखता है। रविवार को चौरासी परिसर में शिव नुआला होगा, जबकि सोमवार को विशाल भंडारा लगाया जाएगा। इस आयोजन में प्रशासन, व्यापार मंडल, युवक मंडल और स्थानीय शिव भक्त अपना सहयोग देते हैं।