चंबा। राजकीय प्राथमिक पाठशाला मुगला को स्तरोन्नत करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। अभिभावकों ने सरकार से मांग की है कि मुगला स्कूल को स्तरोन्नत कर माध्यमिक स्कूल का दर्जा दिया जाए। स्थानीय निवासी अमन कुमार, सुरेश कुमार, नरेश कुमार, दीपक कुमार, अमित कुमार, संतोष कुमारी और ईश्वर सिंह आदि का कहना है कि यह स्कूल का काफी पुराना है। 10 साल से वे स्कूल को माध्यमिक का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इस मांग को पूरा नहीं किया गया है। अभिभावकों का कहना है कि स्कूली बच्चों को माध्यमिक शिक्षा हासिल करने के लिए एक किलोमीटर दूर करियां और हरदासपुरा का रुख करना पड़ रहा है। मुख्य हाईवे होने के चलते उन्हें हर समय बच्चों की चिंता सताती रहती है। उन्होंने प्रदेश सरकार और सदर विधायक से मांग की है कि उक्त स्कूल का दर्जा बढ़ाया जाए। ताकि बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी ना पेश आए।इनसेट
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा बलवीर सिंह का कहना है कि यह मामला ध्यान में है। इस बारे में स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य प्रस्ताव दें। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।