चंबा। शिक्षा खंड गैहरा के तहत राजकीय प्राथमिक पाठशाला सकरैणा-प्रथम में ड्यूटी से गैरहाजिर मिले शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। अध्यापक के खिलाफ यह कार्रवाई प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने की है। अब शिक्षक को स्कूल से नदारद रहने के बारे में अपना पक्ष रखना होगा। इसके लिए शिक्षक को विभाग ने सात दिन का समय दिया है। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में अगर शिक्षक का जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है तो उसके खिलाफ एक तरफा कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक बीते दिनों शिक्षक स्कूल से गैरहाजिर था। बहरहाल, ग्रामीण स्कूल में पहुंच गए और इसके बारे में प्रारंभिक शिक्षा विभाग को सूचित किया। सूचना मिलने के बाद विभाग ने खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी को निरीक्षण करने के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान शिक्षक स्कूल में गैरहाजिर पाया गया।
बहरहाल, बीईईओ (खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी) की ओर से निरीक्षण की रिपोर्ट कार्यालय भेजी गई। इसके आधार पर अब विभाग की ओर से शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। गौरतलब है कि कोरोना महामारी के दौरान स्कूलों में ताले लटके रहे लेकिन अब व्यवस्था बन जाने के बाद कुछ अध्यापक स्कूल आने के मूड में नहीं हैं।
जिला उप शिक्षा अधिकारी चंबा हितेंद्र कुमार ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कहा कि सात दिनों के भीतर शिक्षक को अपना पक्ष रखना होगा अन्यथा विभाग की ओर से एकतरफा कार्रवाई की जाएगी।