पक्काटाला-बालू मार्ग के सुधारीकरण के लिए 50 लाख मंजूर, जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
चार किलोमीटर मार्ग सुधरने से मरीजों, तीमारदारों और स्थानीय लोगों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा से पक्काटाला-बालू होते हुए मेडिकल कॉलेज सरोल तक जाने वाले मार्ग के सुधारीकरण का रास्ता साफ हो गया है।
मार्ग के अपग्रेडेशन के लिए योजना विभाग ने 50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। लोक निर्माण विभाग की ओर से जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू करवाने की तैयारी है। मार्ग के सुधरने से मरीजों और तीमारदारों को राहत मिलने के साथ स्थानीय लोगों की आवाजाही भी सुगम होगी।
मेडिकल कॉलेज चंबा से सरोल जाने के लिए पक्काटाला-बालू मार्ग महत्वपूर्ण है। वर्तमान में सड़क की हालत खराब होने और जगह-जगह क्षतिग्रस्त होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कुछ समय पहले मार्ग पर डंगा गिरने से स्थिति और खराब हो गई थी। रात के समय मार्ग पर आवाजाही करना भी जोखिम भरा बना हुआ है। मार्ग के अपग्रेडेशन से चंबा मुख्यालय और सरोल मेडिकल कॉलेज के बीच आवाजाही अधिक सुगम होने की उम्मीद है। इससे चंबा के अलावा चुराह और डलहौजी विधानसभा क्षेत्रों से उपचार के लिए आने वाले मरीजों को भी सुविधा मिलेगी। पक्काटाला मोहल्ले के लोगों को भी बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध होगी।
सदर के विधायक नीरज नैय्यर ने बताया कि मेडिकल कॉलेज चंबा से पक्काटाला-बालू होते हुए सरोल मेडिकल कॉलेज तक मार्ग के अपग्रेडेशन के लिए अनुमानित 50 लाख रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत हुई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी करवाकर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कनव बड़ोत्रा ने बताया कि मार्ग के सुधारीकरण के लिए स्वीकृत राशि के तहत विभागीय प्रक्रिया पूरी की जा रही है। टेंडर आवंटित होने के बाद कार्य शुरू कर दिया जाएगा।