खज्जियार (चंबा)। सदर विधायक और जिला प्रशासन के निरीक्षण के बाद भी पंजियारा मार्ग यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया। इसको लेकर लोगों में भारी रोष है। शुक्रवार को ग्रामीणों ने स्कूली बच्चों को ढलान से पकड़कर गुजारते हुए वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया। साथ ही विधायक और प्रशासन को मौजूदा परिस्थिति से भी अवगत करवाया। दो सप्ताह पहले जब विधायक प्रशासन के साथ मार्ग का निरीक्षण करने पहुंचे थे तो उन्होंने कहा था कि शीघ्र ही इसे बहाल करवा दिया जाएगा। उनके आश्वासन पर भी जब मार्ग बहाल नहीं हुआ तो लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उन्होंने वीडियो में अपनी नाराजगी साफ जाहिर की है।
लोगों में हंसराज, केवल, सुनील कुमार, प्यारू, धर्मेंद्र कुमार, मनोज कुमार और विशाल ने बताया कि भारी बारिश होने से भूस्खलन के कारण यह मार्ग अवरुद्ध हुआ था। तबसे स्कूली बच्चे व ग्रामीण ढलान के ऊपर चढ़कर गुजर रहे हैं। अकेले बच्चों के लिए वहां से गुजरना मुश्किल है। इसलिए अभिभावकों को साथ जाना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से पुन: मांग की है कि मार्ग को जल्द बहाल करवाया जाए।