खज्जियार (चंबा)। सुल्तानपुर से लेकर खज्जियार तक सड़क का विस्तार किया जाएगा। 19 किलोमीटर के मार्ग पर तारकोल बिछाई जाएगी, जबकि 9 किमी तक कटिंग सड़क की कटिंग का कार्य किया जाएगा।
10 किमी तक कटिंग का कार्य पहले किया जा चुका है। लोक निर्माण विभाग ने दोबारा टेंडर आमंत्रित कर संबंधित ठेकेदार को 8.96 करोड़ रुपये का कार्य सौंप दिया है। 18 महीने में यह कार्य पूरा करने का समय दिया गया है। सड़क के विस्तारीकरण से मार्ग पर वाहन चालकों सहित यात्रियों का सफर भी सुगम हो जाएगा। विभाग ने टेंडर लेने वाले ठेकेदार को निर्देश दिए हैं कि सड़क के विस्तारीकरण से संबंधित कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुणवत्ताहीन कार्य होने पर ठेकेदार का टेंडर रद्द कर दिया जाएगा। बहराहल, टेंडर आमंत्रित होने के बाद अब ठेकेदार ने कार्य शुरू कर दिया है।
लोक निर्माण विभाग ने सुल्तानुपर से खज्जियार तक मार्ग के विस्तारीकरण संबंधी कार्य पहले भी ठेकेदार को आवंटित किया गया था, लेकिन काम में लेटलतीफी होने के कारण उक्त ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया। बाद में उसका टेंडर रद्द कर दिया गया। अब विभाग ने लोगाें की सुविधा के लिए नए सिरे से 8.96 लाख के कार्य का टेंडर ठेकेदार को दिया है। इसके तहत 19 किलोमीटर के मार्ग पर 9 किमी के पैच में सड़क की कटिंग के अलावा 19 किलोमीटर सड़क पर तारकोल बिछाई जाएगी।
ग्रामीणों में अमर चंद, पृथी पाल, विनोद कुमार, शैलजा, कृष शर्मा, मदन लाल और विकास कुमार का कहना है कि सड़क के विस्तारीकरण से क्षेत्र की टपूण, खज्जियार, मंगला, कोलका, रठियार सहित एक दर्जन पंचायतों की करीब 20 हजार की आबादी को लाभ होगा। वाया चंबा होकर खज्जियार, जोत, पौलहाणी जाने वाले पर्यटकों का सफर भी सुगम होगा। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता भास्कर सहगल ने बताया कि सड़क विस्तारीकरण का कार्य पूरा करवाने को विभाग ने ठेकेदार को 18 माह का समय दिया है। कहा कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आने पर ठेकेदार का कार्य रद्द कर दिया जाएगा।