पांगी (चंबा)। उपमंडल मुख्यालय किलाड़ को महालू नाला से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग पर अतिक्रमण की समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। सड़क के दोनों ओर स्थानीय लोगों द्वारा किए जा रहे कब्जे के कारण यह मार्ग लगातार संकरा होता जा रहा है। इससे वाहन चालकों और पैदल चलने वाले राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी विनोद कुमार, लकी, बीकू, शाम सिंह, सनी कुमार, पवन सिंह और देव राज ने बताया कि पिछले एक साल से सिविल अस्पताल किलाड़ से महालू नाला तक जाने वाले इस मार्ग के किनारे निर्माण सामग्री जैसे रेत, बजरी और सरिया के ढेर लगे हैं। यही नहीं, कई लोगों ने अपने घरों के छज्जे सड़क की ओर निकाल दिए हैं। इस कारण यहां से वाहनों को निकालना तो दूर, पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग पांगी से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उधर, लोक निर्माण विभाग मंडल पांगी के अधिशासी अभियंता रवि शर्मा ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि वीरवार को वह स्वयं मौके का जायजा लेंगे। यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा सड़क पर अतिक्रमण पाया तो उसके खिलाफ विभागीय नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।