पहले चरण में सरकारी दफ्तरों में लगे स्मार्ट मीटर
दूसरे चरण में अब व्यवसायिक कनेक्शनों की बारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य तेजी से जारी है। विद्युत बोर्ड की ओर से पहले चरण में सरकारी दफ्तरों में लगे पुराने मीटरों को बदलकर स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। अब दूसरे चरण में व्यावसायिक (कॉमर्शियल) कनेक्शनों के मीटर बदले जाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता पंकज राठौर ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाने की यह योजना सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को सटीक बिलिंग और बेहतर सेवा प्रदान करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर लगवाना अनिवार्य है। स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ताओं को अपनी बिजली खपत की जानकारी रियल टाइम में मिल सकेगी। इससे अनावश्यक बिलिंग की समस्याएं खत्म होंगी। इसके अलावा बिजली चोरी पर भी प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा। बोर्ड ने लोगों से अपील की है कि वे स्मार्ट मीटर लगवाने में सहयोग करें। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि स्मार्ट मीटर सही तरीके से कार्य करते हैं तो इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। हालांकि, कुछ उपभोक्ताओं ने शुरुआती दौर में मीटर की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल भी उठाए हैं, जिनका समाधान विभाग की ओर से किया जा रहा है। कुल मिलाकर बनीखेत में स्मार्ट मीटर लगाने की यह पहल बिजली व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।