चंबा। मेडिकल कॉलेज चंबा की चौथी मंजिल के मुख्य द्वार की छत पर लगा प्लाईबोर्ड मरीजों को चोटिल कर सकता है। यह प्लाईबोर्ड गिरने की कगार पर है। ऐसे में मरीज और तीमारदार इसकी चपेट में आ सकते है। तीमारदारों का कहना है कि इस बारे मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को कई बार अवगत करवाया गया है मगर अभी तक कोई सुध नहीं ली गई है।
जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज में प्रतिदिन एक हजार के करीब ओपीडी रहती है। इसमें गंभीर रूप से ग्रसित मरीज दाखिल किए जाते हैं। चौथी मंजिल में मरीजों की संख्या अधिक रहती है और उनके साथ तीमारदार भी रहते हैं। अगर आवाजाही करते समय यह प्लाईबोर्ड किसी पर गिरता है तो गंभीर रूप से चोटिल हो सकता है। लोगों संजय शर्मा, राजीव कुमार, राकेश कुमार, देवेन्द्र सिंह, रोहन कुमार, ललिता देवी, अमन कुमार, प्रदीप कुमार, देश राज ने बताया कि काफी समय से मेडिकल कॉलेज की चौथी मंजिल की छत पर लगा हुआ प्लाईबोर्ड खस्ताहाल है। इसे अभी तक बदला नहीं किया गया है। उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से मांग की है कि इस खस्ताहाल प्लाईबोर्ड को सही तरीके से व्यवस्थित किया जाए ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
यह मामला ध्यान में लाया गया है। इस बारे उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। जल्द ही इसे दुरुस्त करवाया जाएगा।
-डॉ. पंकज गुप्ता, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज चंबा