चंबा। खेत में काम करके घर जा रहे व्यक्ति को बीच सड़क में अज्ञात लोगों ने पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। घायल को चंबा मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। यहां पर वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। पीड़ित की पहचान लोभी राम निवासी खल्ली के रूप में हुई है जो 27 मई को अपने खेतों में काम करके सड़क के रास्ते घर जा रहा था।
उसी दौरान वहां दो बाइकों पर सवार होकर कुछ लोगों ने उसे घेर लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता बाइक में सवार लोगों ने उसपर लात घूंसे बरसाना शुरू कर दिए। इतना ही नहीं सड़क किनारे पड़े पत्थरों के प्रहार से भी उसे घायल कर दिया। जबकि उसकी चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे तो बाइकसवार वहां से रफूचक्कर हो गए। पीड़ित सड़क पर बेसुध जख्मी हालत में पड़़ा था जिसे उपचार के लिए वहां से सिविल अस्पताल तीसा पहुंचाया गया। यहां पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी हालत में ज्यादा सुधार नहीं हुआ तो उसे चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां पर उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चार दिन से उसका उपचार टांडा में चल रहा है। वहीं, परिजनों ने मारपीट को लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ तीसा थाने में शिकायत दर्ज करवा दी है। शक के आधार पर पुलिस ने कुछ लोगों को पूछताछ के लिए थाने में तलब भी किया था लेकिन जब तक पीड़ित व्यक्ति मारपीट करने वालों की पहचान नहीं कर लेता तब तक पुलिस असली आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकती। पुलिस पीड़ित की हालत स्थिर होने का इंतजार कर रही है। वहीं, पीड़ित के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक से भी मदद की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है।