चंबा के बघेईगढ़-चांजू मार्ग पर नाले पर बना पुल।संवाद
चुराह (चंबा)। चुराह उपमंडल के अधीन आते बघेईगढ़-कठवाड़ मार्ग पर अब बरसात के दिन में भी रफ्तार नहीं थमेगी। लोक निर्माण विभाग की ओर हर वर्ष विकराल समस्या बनकर सामने आने वाले कंगेला नाले का आखिरकार लोक निर्माण ने स्थायी हल तलाशते हुए 2.25 करोड़ रुपये से लोहे के पुल का निर्माण करवाया गया। अब यह पुल उद्घाटन के लिए तैयार है। इससे क्षेत्र की चार पंचायतों की सैकड़ों की आबादी, किसानों और बागवानों को इसका लाभ मिलेगा।
कंगेला नाले में बरसात के दिनों में अकसर जलस्तर बढ़ने से चार पंचायतों के बाशिंदों का संपर्क तीसा उपमंडल के साथ पूरी तरह से कट जाता रहा है। ऐसे में मजबूरन ग्रामीणों को अपनी जानें जोखिम में डाल कर नाले में उतर कर उसे पार करना पड़ता रहा है और फसलें भी बाहरी राज्यों में भेजने से रह जाती थीं। ग्रामीणों की ज्वलंत समस्या को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग की ओर से 33.50 मीटर लंबे लोहे के पुल का प्रस्ताव बना कर स्वीकृति के लिए भेजा। इसके तहत आखिरकार पुल निर्माण करवाने स्वीकृति मिली। जिस पर विभाग ने पुल निर्माण कार्य का ठेकेदार ठेकेदार को आवंटित करवा कर प्राथमिकता के आधार पर पुल निर्माण कार्य को आरंभ करवाया। इसी के चलते अब आखिरकार लोहे का पुल बन कर तैयार हो गया है। इससे लोगों ने राहत की सांस ली हैं। अब आगामी समय में विभाग तैयार पुल को लोगों को समर्पित करवाएगी।
सेब-मटर की फसल भेजी जाती है बाहर
कंगेला नाले पर तैयार पुल से अब क्षेत्र के किसानों-बागवानों को भरपूर लाभ होगा। चांजू, देहरा, बघेईगढ़ और चरड़ा पंचायतों में किसान अपने बगीचों में विभिन्न किस्मों का सेब और किसान अपने खेतों में मटर की फसल तैयार कर बाहरी राज्यों में बेचने के लिए जाते हैं, लेकिन हर बार उन्हें दिक्कतें ही उठानी पड़ती रही है। ऐसे में अब पुल का निर्माण होने से उन्हें लाभ मिलेगा।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शैलेंद्र राणा ने बताया कि लोहे का पुल बन कर तैयार है। अब आगामी निर्देशानुसार इसका उद्घाटन होगा।