बैकुंठनगर में गैस की गाड़ी पहुंची तो दाैड़ पड़े लोग, चंद मिनटों में खत्म हो गए सिलिंडर
बनीखेत क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत से बढ़ी परेशानी, इंतजार के बाद खाली हाथ लौटे
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। पहाड़ों में सर्द हवाओं के बीच रसोई की आग भी संकट में पड़ गई है। बनीखेत में घरेलू गैस की किल्लत ने लोगों की परेशानी इस कद्र बढ़ा दी है कि सिलिंडर मिलने की खबर सुनते ही लोग घरों से दौड़ पड़ रहे हैं।
शनिवार को बैकुंठनगर में गैस से भरी गाड़ी पहुंची तो राहत की उम्मीद जगी लेकिन चंद मिनटों में ही सारे सिलिंडर खत्म हो गए। कतारों में घंटों इंतजार करने के बाद कई परिवार खाली हाथ लौटे। अमेरिका-ईरान तनाव के चलते प्रभावित हो रही एलपीजी सप्लाई का असर अब हिमाचल के पहाड़ी इलाकों में भी साफ दिखने लगा है।
शनिवार को बनीखेत के बैकुंठनगर क्षेत्र में गैस सिलिंडरों से भरी गाड़ी पहुंची थी। सीमित संख्या में सिलिंडर होने के कारण बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को निराश लौटना पड़ा। गैस एजेंसी से भेजी गाड़ी में करीब 90 सिलिंडर थे। गाड़ी आने की सूचना मिली तो बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंच गए। सभी को सिलिंडर नहीं मिल पाए। कई परिवारों को खाली हाथ लौटना पड़ा।
लक्की, धीरज, अमित, शिशु, सोनू, रविंद्र और सुनील सहित अन्य लोगों ने बताया कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की कमी है। जैसे ही सूचना मिलती है कि गैस की गाड़ी आने वाली है, लोग तुरंत मौके की ओर दौड़ पड़ते हैं लेकिन तब तक अधिकतर सिलिंडर खत्म हो चुके होते हैं।
उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि एजेंसी का फोन लगातार बंद रहता है या कोई फोन उठाता ही नहीं। उपभोक्ताओं को पता नहीं चल पाता कि गैस की सप्लाई कब पहुंचेगी। यदि एजेंसी समय पर जानकारी उपलब्ध करवाए तो लोगों को बार-बार परेशान नहीं होना पड़ेगा।
उधर, एसडीएम अनिल भारद्वाज ने कहा कि गैस सप्लाई को लेकर संबंधित गैस एजेंसी को उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे ताकि लोगों को हो रही असुविधा से राहत मिल सके।