छठी कक्षा में दाखिले के लिए चंबा में बनाए 15 केंद्र, वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे प्रवेश पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जवाहर नवोदय विद्यालय सरोल में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए छठी कक्षा में प्रवेश की परीक्षा 28 नवंबर को होगी। इसके लिए जिले में शिक्षा खंड स्तर पर 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी समिति की आधिकारिक वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से प्रवेश पत्र में दर्ज रोल नंबर, परीक्षा केंद्र और अन्य विवरण ध्यान से जांचने की अपील की है। परीक्षार्थियों को निर्धारित समय से आधा घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना होगा और प्रवेश पत्र पर दिए निर्देशों का पालन करना होगा। प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में परेशानी होने पर पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सरोल में सहायता ली जा सकती है। इसके लिए हेल्प डेस्क प्रभारी के मोबाइल नंबर 94184-20934 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
विद्यालय के प्राचार्य विक्रम सचदेवा ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां की जा रही हैं। सभी अभ्यर्थी समय रहते प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी तरह की परेशानी न हो।