अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले में किया जाएगा आयोजन
31 जुलाई से दो अगस्त तक तीन चरणों में होगी : उपायुक्त
राज्य और राष्ट्रीय वेशभूषा के साथ प्रश्नोत्तर सत्र के आधार पर होगा चयन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। इस बार अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले में मिस मिंजर क्वीन सौंदर्य प्रतियोगिता का आयोजन भी होगा। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन ऑडिशन प्रक्रिया 21 जुलाई से प्रारंभ कर दी गई है जबकि ऑफलाइन ऑडिशन 22 जुलाई को राजकीय महाविद्यालय में होंगे। इसके लिए पंजीकरण शुल्क 200 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रतियोगिता में 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग की युवतियां भाग ले सकेंगी। यह प्रतियोगिता 31 जुलाई से दो अगस्त तक तीन चरणों में आयोजित की जाएगी।
प्रथम चरण में राज्य वेशभूषा, द्वितीय चरण में राष्ट्रीय वेशभूषा और अंतिम चरण में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया जाएगा। इसके आधार पर विजेताओं का चयन किया जाएगा। प्रथम विजेता को 51 हजार, द्वितीय को 31 हजार जबकि तृतीय विजेता को 21 हजार की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मिंजर मेला चंबा की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और चंबा की सांस्कृतिक धरोहर और पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलती है। उन्होंने जिले की पात्र एवं इच्छुक युवतियों से प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।