चंबा वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक बैठक में मौजूद पदाधिकारी व सदस्य। संवाद
चंबा। वेलफेयर एसोसिएशन चंबा ने जल शक्ति विभाग के पानी के मीटर लगाने के आदेश का विरोध किया है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि चंबा जनपद की जनता जल शक्ति विभाग द्वारा बार-बार जारी किए जा रहे जनविरोधी आदेशों से अत्यंत परेशान है। प्रदेश सरकार से मांग है कि इस आदेश को तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए, अन्यथा जनता को आंदोलन के लिए विवश होना पड़ेगा।
होटल इरावती में एसोसिएशन के प्रधान ओम प्रकाश गोस्वामी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सदस्यों ने यह बात की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 की अधिसूचना के तहत पानी के बिलों में हर वर्ष 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी से 40 प्रतिशत की राशि बढ़कर 136 तक पहुंच गई थी। जिसे वर्ष 2019 में जनता के विरोध के बाद रोका गया था, लेकिन वर्ष 2024 में इसे पुन 444 प्रति माह कर दिया। अब विभाग द्वारा 15 दिन के भीतर मीटर लगवाने अथवा कनेक्शन काटने का नया आदेश जारी किया गया है, जिससे जनता में भारी रोष व्याप्त है। अध्यक्ष ओम प्रकाश गोस्वामी ने कहा कि 22 सितंबर को केंद्र सरकार द्वारा जीएसटी दरों में कटौती की घोषणा के बावजूद चंबा के उपभोक्ताओं को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। विक्रेता पुराने स्टॉक का बहाना बनाकर उपभोक्ताओं को ठग रहे हैं। एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि निगरानी प्रणाली को सशक्त बनाकर उपभोक्ताओं को वास्तविक लाभ दिलाया जाए। पिछले दो-तीन महीनों से शहर में डिपो से दालें और तेल जैसी आवश्यक वस्तुएं गायब हैं। इससे उपभोक्ताओं को बाजार से महंगे दामों पर इनकी खरीदारी करनी पड़ रही है। एसोसिएशन ने जिला खाद्य आपूर्ति विभाग से मांग की है कि वितरण प्रणाली की खामियों को शीघ्र दूर कर जनता को राहत प्रदान की जाए। बैठक में ईश्वरी प्रसाद शर्मा, सुरेश कश्मीरी, चैन लाल शर्मा, सत्य प्रसाद, वेद रामचंद्र धीमान, दयाराम गौतम और भागेश बोहरा इत्यादि मौजूद रहे।