चंबा। मिड-डे मील वर्कर यूनियन सुंडला का सम्मेलन भलेई माता मंदिर परिसर में बुधवार को संपन्न हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विपन कुमार ने की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने उच्च न्यायालय के उस आदेश को लागू नहीं किया, जिसमें मिड-डे मील वर्करों को 12 महीने का वेतन देने को कहा था। इसके विपरीत सरकार सुप्रीम कोर्ट में अपील कर वर्कर विरोधी मानसिकता का परिचय दे रही है।
सरकार द्वारा लगाई गई 25 बच्चों की शर्त के कारण कई वर्षों से सेवा दे रहे वर्कर बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं, जो सरासर गलत है। सम्मेलन में निर्णय लिया कि संगठन को और मजबूत किया जाएगा और सरकार से वर्करों की मांगों को पूरा कराने के लिए संघर्ष तेज किया जाएगा।
सम्मेलन में जिला सचिव सरोज कुमारी और कियानी ब्लॉक के अध्यक्ष कौशल्या देवी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि सरकार मिड-डे मील वर्करों की समस्याओं के समाधान में नाकाम रही है। सम्मेलन में 25 सदस्यीय कमेटी का चुनाव किया। इस दौरान प्रधान अंजू कुमारी, सचिव विपन कुमार, कोषाध्यक्ष मीनू, उपप्रधान कुलदीप और आंचल सहित 77 सदस्य मौजूद रहे।