चंबा बस अड्डे में बिजली कट के दौरान घंटों बंद रहा ऑफलाइन टिकटिंग सिस्टम
घंटों इंतजार के बाद भी यात्रियों को टिकट नहीं मिले तो मोबाइल से करनी पड़ी बुकिंग
लोग बोले- जेनरेटर उपलब्ध है तो उसे टिकटिंग सिस्टम को जोड़ने में क्या है बाधा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। डिजिटल इंडिया के दावों के बीच चंबा बस अड्डे पर महज कुछ घंटों की बिजली कटौती ने पूरी टिकटिंग व्यवस्था की हकीकत उजागर कर दी। शटडाउन के दौरान सरकारी बसों का ऑफलाइन टिकट काउंटर ठप रहा जबकि परिसर में जनरेटर होने के बावजूद उसे टिकटिंग सिस्टम से नहीं जोड़ा गया। नतीजा यह रहा कि यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई लोगों ने मजबूरी में मोबाइल से ऑनलाइन टिकट बुक कर सफर शुरू किया।
रविवार को विद्युत बोर्ड के निर्धारित शटडाउन के दौरान परिवहन निगम के बस अड्डे पर ऑफलाइन टिकटिंग सिस्टम दिन भर बंद रहा। इससे यात्रियों को टिकट बुक करवाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बिजली बंद होते ही टिकट काउंटर पर टिकट जारी नहीं हो सके। यात्रियों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। कुछ लोगों ने मजबूरी में मोबाइल फोन से ऑनलाइन टिकट बुक करवाए।
हैरानी की बात है कि बस अड्डे पर जनरेटर भी उपलब्ध है लेकिन टिकटिंग सिस्टम को उससे जोड़ने की व्यवस्था नहीं की गई है। हर बार बिजली गुल होने पर करोड़ों रुपये की डिजिटल व्यवस्था भी बेकार हो जाती है। ऑनलाइन टिकट सेवा ठप पड़ जाती है।
यात्रियों में निर्जला देवी, मोहित कुमार, संगम कुमार, मीनाक्षी, शिखा नंदा ने कहा कि यदि बस अड्डे पर जेनरेटर है तो टिकटिंग सिस्टम को उससे जोड़ने में क्या बाधा है। शटडाउन की सूचना होने के बावजूद वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने निगम प्रबंधन से मांग की है कि टिकटिंग काउंटर को तत्काल जनरेटर से जोड़ा जाए।
उधर, बस अड्डा प्रभारी सरदार मोहम्मद ने बताया कि रविवार को बिजली बोर्ड के शटडाउन के कारण टिकटिंग सिस्टम प्रभावित हुआ। भविष्य में इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए टिकटिंग सिस्टम को जेनरेटर से जोड़ने की व्यवस्था की जाएगी ताकि बिजली बाधित होने पर भी यात्रियों को निर्बाध टिकट बुकिंग सुविधा मिल सके।