चंबा। नगर परिषद चंबा जुलाई 2025 के बाद आम सभा नहीं करवा पाई है। इस कारण पार्षद की ओर से अपने-अपने वार्डों की समस्याओं के समाधान के लिए बनाए गए प्रस्ताव लंबित पड़े हैं।
पार्षदों का कहना है कि सड़कों की मरम्मत, नालियों की सफाई, पार्क और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े प्रस्ताव तैयार हैं, लेकिन बैठक न होने के कारण उन्हें मंजूरी नहीं मिल पा रही। इसके चलते जनता अपने वार्डों में विकास कार्यों की प्रतीक्षा में है।
पहले हर माह के पहले सप्ताह में बैठक होती थी। इसमें 11 वार्डों के पार्षद अपनी समस्याओं रखते थे और विकास कार्याें की रफ्तार तेज होती थी। अब बैठक न होने से लोगों में भारी रोष है। उधर, नगर परिषद के अध्यक्ष नीलम नैयर का कहना है कि आम सभा जल्द बुलाई जाएगी। हालांकि अभी तक कोई निश्चित तारीख तय नहीं की गई है। जैसे ही बैठक होगी, लंबित प्रस्तावों पर काम शुरू कर दिया जाएगा और वार्डों की समस्याओं का समाधान जल्द ही किया जाएगा।