तीसा (चंबा)। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत फेज तीन के पहले पैच में बैरागढ़-देवीकोठी-टेपा तक छह किलोमीटर सड़क की हालत को सुधारा जाएगा। करीब पांच करोड़ से छह किलोमीटर मार्ग पर ब्लैक स्पाॅट को हटाकर मार्ग को चौड़ा करने के साथ ही बाइडिंग, मैटलिंग, टारिंग समेत मार्ग पर क्रैश बैरियर लगाए जाएंगे। इसके साथ ही मार्ग पर साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग की ओर से कार्य संबंधी टेंडर आवंटित कर दिया गया है। इसके तहत बाकायदा युद्धस्तर पर कार्य आरंभ हो चुका है।
ऐसे में अब आगामी समय में बैरागढ़-देवीकोठी-टेपा मार्ग पर सफर करने वाले वाहन चालकों को हिचकोले नहीं खाने पड़ेंगे। सड़क को चौड़ा कर इसपर तारकोल बिछाया जाएगा। इतना ही नहीं दुर्घटना संभावित जगहों को चौड़ा किया जाएगा। मार्ग पर जरूरत के मुताबिक डंगे और पानी की निकासी का भी प्रबंध होगा। सबसे बड़ी बात यह है कि कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखने के लिए विभागीय कर्मचारी हर समय काम के दौरान मौजूद रहेंगे। वहीं जीपीएस सिस्टम युक्त मशीनरी और वाहन यहां पर तैनात किए गए हैं। यह मार्ग काफी तंग है। इससे यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। लोगों और वाहन चालकों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग की ओर से मार्ग को चौड़ा कर सफर को सुगम बनाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं। वर्तमान में बैरागढ़ के चलोंज मोड़ से देवीकोठी की तरफ कार्य युद्धस्तर पर चला हुआ है। मार्ग का विस्तारीकरण होने से ग्राम पंचायत गुलेई, देवीकोठी और टेपा की आठ हजार की आबादी को लाभ मिलेगा। वहीं देवीकोठी चामुंडा माता मंदिर में शीश नवाने के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका लाभ मिलेगा। साथ ही सड़क पर होने वाली दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगेगा।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजीव बिष्ट ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पीएमजीएसवाई के तहत फेज तीन के पहले पैच में बैरागढ़-देवीकोठी-टेपा तक छह किलोमीटर मार्ग की दशा बदलेगी। इसका कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो चुका है।