वन्य प्राणी अभ्यारण्य क्षेत्र खज्जियार में बिना विभाग की अनुमति चला यह कार्य
डीएफओ से लेकर वन रक्षक को भी नहीं लगा सुराग, बड़ी लापरवाही आई सामने
दिन के उजाले में नहीं दिखे जंगल में जाने वाले तो रात को कैसा होगा सुरक्षा प्रबंध
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। वन्य प्राणी अभ्यारण्य क्षेत्र में बिना अनुमति कोई प्रवेश नहीं कर सकता। वहीं, खज्जियार में कुछ लोग फेसबुक पेज पर जड़ी-बूटियों की खोज करते दिखाई दिए।
ऐसा करने के लिए उन्होंने वन्य प्राणी विभाग से भी अनुमति नहीं ली। रविवार को छुट्टी वाला दिन देखकर चार से पांच लोगों को दल खज्जियार के जंगल में घुस गया और वहां पाई जाने वाली वनस्पति को निकालने लगा। ऐसा नहीं है कि ये लोग रात के अंधेरे में या चोरी छिपे जंगल में गए हों। दिन के उजाले में सबके सामने ये लोग जंगल के भीतर गए। वहां पाई जाने वाली वनस्पति का उन्होंने फेसबुक पर लाइव भी किया और उसकी पत्तियां तोड़कर अपने बैग में भरीं। उनकी बातों से यही लग रहा था कि शायद वे इन वनस्पतियों से दवाई बनाने का दावा कर रहे हों। बात दवाई बनाने की हो या कोई ओर कारण हो, किसी भी सूरत में वन्य प्राणी अभ्यारण्य क्षेत्र में विभाग की अनुमति के बिना कोई भी प्रवेश नहीं कर सकता। इसमें कहीं न कहीं विभागीय कर्मचारियों की भी लापरवाही देखने को मिली। यदि दिन के उजाले में जंगल में प्रवेश करने वाले लोगों को कर्मचारी देख नहीं पाए तो जंगल में रहने वाले वन्य जीवों को रात के अंधेरे में अवैध शिकारियों से कैसे सुरक्षित कर पाएंगे। उधर, डीएफओ कुलदीप जम्वाल ने बताया कि उनके ध्यान में जैसे ही यह मामला आया तो उन्होंने संबंधित बीओ को निर्देश देकर इसकी पूरी जानकारी देने को कहा है।