चंबा। नगर परिषद चंबा का सपड़ी वार्ड पूरे शहर को गंदा कर रहा है। वार्ड में बनी नालियों की निकासी सही नहीं है। ऐसे में बारिश के दिनाें में नालियों गंदगी पूरे शहर तक पहुंचती है।
ऐसे में राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर परिषद के डोर-टू-डोर अभियान से गली मोहल्ले तो साफ सुथरे हो गए है, मगर कूड़े को ठिकाने लगाने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है। खास गीले कचरे को लेकर परेशानियां पेश आ रही है। इसके लिए जगह का चयन नहीं हो पाया है। बहरहाल, नगर परिषद का यह अभियान कामयाब होता नजर नहीं आ रहा है। नगर परिषद को बेहतर व्यवस्था बनाने की आवश्यकता है, ताकि उनका यह अभियान पूरे शहर को संपूर्ण स्वच्छ बना सके।
सफाई कर्मचारी तो अपना काम कर देते हैं, लेकिन उसके बाद गाड़ी में भरकर कूड़ा कहां लेकर जाते हैं, इसका कोई पता नहीं है। शहर की गंदगी का सही ढंग से निष्पादन नहीं हो पा रहा है। - साहिल शर्मा
कई जगह निकासी नालियों में कूड़ा-कचरा पड़ा रहता है। ज्यादातर पुराना बस अड्डा के पास बारिश के समय में दिक्कत देता है। इस बारे उचित प्रयास करने चाहिए। - हितेश चौणा
वार्ड में कूड़ा तो कहीं दिखाई नहीं देता, पर कई जगह ढांक से नीचे कचरा फेंक दिया जा रहा है। नालियों की भी नियमित सफाई नहीं हो रही है। नगर परिषद को इस ओर ध्यान देना चाहिए। - अंकुर चौणा
पुराना बस अड्डा के पास निकासी नाली का पानी कई बार मार्ग पर बहता है और यही निकासी नाली का पानी शहर की ओर बहता है। बारिश होने पर यहां हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं। - मानव चौणा
सफाई ठेकेदार लोकिंद्र कुमार का कहना है कि गीले कचरे के निष्पादन के लिए जगह नहीं है। बताया कि शहर में पुराना बस अड्डा के पास सही नालियां नहीं बनी हैं। इस वजह से बारिश के दौरान गंदगी सड़कों में बहती है।
नगर परिषद चंबा के कार्यकारी अधिकारी संदीप कुमार का कहना है कि नगर परिषद की ओर से जगह तलाशी जा रही है। कहा सही निष्पादन के लिए युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।