रंग-बिरंगी रोशनी से शहर सरोबार, बालू में अंधेरे का साम्राज्य बरकरार
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले के दौरान जहां शहर रंग-बिंरगी लाइटों से सराबोर है, वहीं शहर से सटे बालू स्थित नए और पुराने पुल से लेकर परेल शिव मंदिर तक का क्षेत्र अंधेरे में डूबा हुआ है। लोगों को अंधेरे में ठोकरे खाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे प्रशासनिक और विभागीय व्यवस्थाओं की पोल खुल कर सामने आ रही है। रात को पुराने और नए बालू पुल से लेकर परेल शिव मंदिर तक अंधेरा पसरा होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। क्षेत्र में असामाजिक तत्व वाहनों से पेट्रोल और टायर चोरी कर गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा रही हैं।
स्थानीय लोगों अमित कुमार, नरेश कुमार, कपिल कुमार, संजीव कुमार, दिलीप कुमार, हाकम चंद, नरेश कुमार आदि ने बताया कि कई बार प्रशासन और विभाग से क्षेत्र में बिजली की लाइटें लगवाने की मांग की गई है। बावजूद इसके अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि प्रशासन और संबंधित विभाग की लापरवाही के कारण यदि किसी प्रकार की बड़ी अनहोनी होती है तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की रहेगी। चंबा के एसडीएम प्रियांशु खाती ने बताया कि संबंधित विभाग को लाइटों को सुचारु करने के लिए निर्देश दिए जाएंगे।