धरवाला (चंबा)। राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला चूड़ी के शौचालय की काफी हालत खस्ता है। शौचालय की जर्जर हालत के चलते विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि नए शौचालय निर्मित करवाने की मांग कई बार शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन से की गई। बावजूद इसके अभी तक समस्या का समाधान न होना मुसीबतें बढ़ा रहा है।
ग्रामीण विक्रांत ठाकुर, सुरेश कुमार, रविंद्र सिंह, संजय राजपूत, लखन सिंह, अश्वनी कुमार और पंकज कुमार ने बताया कि कई बार विभाग और प्रशासन को नया शौचालय बनाने को कहा गया है। बावजूद इसके नया शौचालय बनकर तैयार तक नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द राजकीय केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला चूड़ी का नया शौचालय बनाया जाए। वर्तमान में जो शौचालय बना हुआ है, उसकी हालत काफी खस्ता हो चुकी है। शौचालय के साथ में ही चूड़ी गांव को जाने वाली सड़क है। जिस पर हर दिन गाड़ियों का आना जाना लगा रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पाठशाला का नया शौचालय पाठशाला के साथ में ही बनाया जाए। इससे बच्चों को परेशानी न हो।