मुख्य बाजार की सड़कों पर अवैध रेहड़ियां बन रहीं जाम का कारण
दुकान के बाहर ही सड़क पर स्टूल और सामान सजा रहे व्यापारी
नगर परिषद की कार्रवाई के कुछ दिन बाद ही हो जाते हैं पहले जैसे हालात
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। बाजार पहुंचने से पहले जाम मिल रहा है। चंबा के मुख्य बाजार में सड़कें सिकुड़ती जा रही हैं क्योंकि उनका बड़ा हिस्सा अवैध रेहड़ियों और अतिक्रमण की भेंट चढ़ चुका है। नतीजा यह है कि वाहन रफ्तार नहीं, रास्ता तलाशते नजर आते हैं जबकि राहगीर हर कदम संभलकर रखने को मजबूर हैं। दिनभर वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते हैं। कई बार घंटों तक जाम लगा रहता है। बुधवार को भी दोपहर 12 बजे मेन चौक से पोस्ट ऑफिस तक सड़क के दोनों ओर अवैध रेहड़ियों के कारण जाम लगा रहा।
वाहन जाम में फंसे रहे। राहगीर जैसे-तैसे सड़क को पार करने के लिए खड़े रहे। सड़क के आधे पर पर तो अवैध रेहड़ियां लगाई गई थीं। रेहड़ी संचालक दुकानों के विस्तार के नाम पर सड़क पर ही स्टूल, कुर्सियां और सामान सजा लेते हैं। इससे सड़क और संकरी हो हो जाती है। राहगीरों के लिए निकलना मुश्किल हो जाता है।
बता दें कि नगर परिषद और पुलिस की टीम अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार कार्रवाई कर चुकी है लेकिन इसका असर अस्थायी ही साबित हो रहा है। कुछ दिन बाद ही स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। सड़कों पर दोबारा सामान सजा दिया जाता है। इस मार्ग से एंबुलेंस और अन्य आपात सेवाओं का गुजरना भी कठिन हो जाता है। उधर, नगर परिषद की अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी ने बताया कि इस समस्या का समाधान जल्द ही करवाया जाएगा।