चंबा के भरमौर चौरासी मंदिर में पूजा अर्चना करने के दौरान भद्रवाह से आये श्रधालू।संवाद
भगवान शंकर के जयकारों और भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
भरमाणी माता के दर्शन करने के बाद डलझील के लिए करेंगे प्रस्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। भद्रवाह और डोडा के श्रद्धालुओं से चौरासी परिसर भर चुका है। 500 से अधिक श्रद्धालुओं के जत्थे रविवार शाम को चौरासी परिसर में पहुंचे। उन्होंने शिव चिह्नों को स्थापित कर डेरा लगाया।
सोमवार को भरमाणी माता मंदिर में जाकर दर्शन किए और कुंड में स्नान किया। वहां से लौटकर चौरासी के मुख्य मणिमहेश मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके साथ अन्य सभी मंदिरों में प्रसाद चढ़ाया गया। सुबह से लेकर शाम तक मंदिर परिसर में भगवान शंकर के जयकारे और भजन गूंजते रहे। इससे भरमौर मुख्यालय का माहौल पूरी तरह से भक्तिमय हो गया। शिव चिह्नों के दर्शन और शिव के गूर का आशीर्वाद लेने के लिए स्थानीय लोग भी भारी संख्या में पहुंच रहे हैं।
बुधवार को श्रद्धालु अगले पड़ाव हड़सर के लिए रवाना होंगे। तीन सितंबर को डल झील में उनका आगमन होगा। चार सितंबर को जन्माष्टमी का शाही स्नान करेंगे। उसके बाद वापस भरमौर से होकर भद्रवाह के लिए प्रस्थान करेंगे। श्रद्धालुओं में इस बात को लेकर भी उत्साह है क्योंकि पिछले साल खराब मौसम के कारण यात्रा बंद कर दी गई थी। बिना मणिमहेश दर्शन करके हजारों शिव भक्तों को निराश होना पड़ा था। यही वजह है कि इस बार श्रद्धालुओं में दोगुना उत्साह देखने को मिल रहा है।