साहो (चंबा)। चंबा-साहो-कीड़ी लग्गा रूट पर परिवहन निगम की बस दूसरे दिन भी पल्यूर के मासर नामक स्थान पर हांफ गई। बस में तकनीकी खराबी का आभास होते ही चालक ने बस सड़क किनारे खड़ी कर दी। इसके बाद सवारियों को उतारा गया।
बस खराब होने से कॉलेज विद्यार्थियों, आईटीआई प्रशिक्षुओं और स्कूली छात्र-छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। आधा घंटा इंतजार करने के बाद भी बस स्टार्ट नहीं हो पाई। निजी वाहनों से या लिफ्ट लेकर विद्यार्थी अपने घरों के लिए रवाना हुए।
चंबा बस अड्डे से शाम 4:30 बजे चंबा-साहो-कीड़ी-लग्गा रूट की बस रवाना हुई। पल्यूर के मासर पहुंचने पर अचानक बस खराब हो गई। विजय कुमार, राहुल, हितेश, संजीव कुमार, दीक्षा, भावना, आरती, रजनी, हितेश, संजीव, परमेश और अमन ने बताया कि बुधवार शाम को इस रूट की बस साहो बस स्टैंड पर खराब हो गई थी। इसके बाद जैसे-तैसे घर पहुंचे थे। वीरवार को फिर बस खराब हो गई। कहा कि विद्यार्थियों ने बस पास बनाए हैं। बावजूद इसके उन्हें इसका लाभ नहीं मिल रहा है। रोजाना रात को 9 से 10 बजे तक घर पहुंच रहे हैं।
आरएम चंबा शुगल सिंह ने बताया कि बस तकनीकी खराबी आने से बंद पड़ गई। सवारियों की सहूलियत के लिए दूसरी बस भेजी गई थी, लेकिन तब तक सवारियां जा चुकी थीं।