चंबा। जिला चंबा में युवा जात-पात की जंजीरें तोड़कर शादी के पवित्र बंधन में बंध रहे हैं। यह खुलासा जिला कल्याण विभाग के पास अंतरजातीय विवाह योजना के तहत पहुंचे आवेदनों से हुआ। इस बार में जिले में करीब 33 नव विवाहित जोड़ों ने अंतरजातीय विवाह योजना के लिए आवेदन किया है। विभाग ने इन आवेदनों को उच्चाधिकारियों को स्वीकृति के लिए भेजा। इसके बाद 30 आवेदनों को स्वीकृत कर 15 लाख रुपये की राशि भी जारी कर दे दी है।
वहीं, तीन प्रस्ताव लंबित हैं। सरकार की ओर से योजना के तहत एक दंपती को 50,000 रुपये की राशि दी जाती है। उधर, जिला कल्याण अधिकारी चंबा चमन शर्मा ने बताया कि योजना के तहत इस वित्तीय वर्ष में 33 आवेदन पहुंचे थे। इनमें से 30 आवेदनों को निर्धारित राशि जारी कर दी गई है। जबकि अब सिर्फ तीन आवेदन लंबित है। इनका भुगतान भी जल्द कर दिया जाएगा।