दो महीने तक चलेगी यात्रा, सफल आयोजन को लेकर किलाड़ में हुई बैठक
आवासीय आयुक्त ने विभिन्न विभागों को दिए व्यवस्थाएं बनाने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी (चंबा)। प्रसिद्ध शक्ति स्थल मिंधल वासनी माता की वार्षिक छड़ी यात्रा के सफल और व्यवस्थित आयोजन को लेकर बुधवार आवासीय आयुक्त अमनदीप सिंह की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय किलाड़ के सभागार में बैठक हुई।
उन्होंने बताया कि वार्षिक यात्रा 25 मई से शुरू होगी। यह लगभग दो माह तक चलेगी। तीन जून को छोटी और 12 जून को बड़ी छड़ी यात्रा होगी। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दरबार में हाजिरी लगाने के लिए पहुंचते हैं।
यात्रा को सुचारू एवं सफल बनाने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में विभिन्न विभागाध्यक्षों के साथ मिंधल वासनी पांच प्रजा समिति मंडल माता मंदिर कमेटी के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। बैठक के दौरान यात्रा अवधि में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। आवासीय आयुक्त ने जल शक्ति विभाग को पेयजल व्यवस्था, बिजली बोर्ड को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा सुविधाएं, गैस आपूर्ति विभाग को आवश्यक आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा पुलिस विभाग को कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा को शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर तहसीलदार संदीप कुमार, वन मंडलाधिकारी रवि गुलेरिया, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता सुनील चंदेल, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राम रत्न और विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और मिंधल माता कमेटी प्रधान चुन्नी लाल व कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।