पशुओं से जुड़ीं योजनाओं, टीकाकरण, नस्ल सुधार की देनी थी जानकारी : डॉ. भंगालिया
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। ऐतिहासिक मिंजर मेले में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, वहीं पशुपालन विभाग को प्रदर्शनी लगाने का अवसर नहीं मिल पाया।
विभाग के प्रदर्शनी लगाने की इच्छा जताने के बावजूद अनुमति नहीं मिलने से यह चाह अधूरी रह गई। पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. राकेश भंगालिया ने बताया कि विभाग मिंजर मेले में प्रदर्शनी लगाकर पशुपालकों को पशुओं से जुड़ीं विभिन्न योजनाओं, विभागीय सेवाओं, टीकाकरण, नस्ल सुधार और अन्य जानकारियां देना चाहता था। इसके लिए अनुमति मांगी थी लेकिन अनुमति नहीं दी गई। उन्हें यह तर्क दिया गया कि पशुपालन विभाग की प्रदर्शनी नहीं लगाई जाती है जबकि मेले में अन्य सभी विभाग प्रदर्शनी लगाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। डॉ. राकेश भंगालिया ने कहा कि मिंजर मेला एक ऐसा बड़ा मंच है जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और पशुपालक पहुंचते हैं। ऐसे में प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को सरकार की योजनाओं और पशुपालन क्षेत्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी निशुल्क उपलब्ध करवाई जा सकती है। संवाद