चंबा। मिड-डे मील किचन शेड की मरम्मत के लिए जारी राशि कई स्कूलों को दो बार डल गई है। इस तरह का मामला हाल ही में प्रकाश में आया। मिड-डे मील प्रबंधन को जब इस बात जानकारी मिली तो उसके बाद अब ऐसे स्कूलों को तलाशा जा रहा है, जिन स्कूलों को यह राशि दो बार जारी हो गई है। इस राशि को अब वापस लिया जाएगा। बहरहाल, सरकारी पैसों को दो बार एक ही खाते में डालना बड़ी लापरवाही दर्शा रहा है।
जानकारी के अनुसार मिड-डे मील प्रबंधन की ओर से पीएम पोषण योजना के तहत ऐसे स्कूलों की सूची मांगी गई थी, जिनके किचन शेड की हालत काफी खराब है जिससे समय रहते किचन शेडों की मरम्मत की जा सके। स्कूलों की ओर से यह डिमांड निर्धारित अवधि के भीतर मिड-डे मील प्रबंधन को भेजी गई। यह डिमांड पहुंचने के बाद इसे स्वीकृति के लिए भेजा गया। जहां से प्रति स्कूल दस हजार रुपये की राशि किचन शेड की मरम्मत के लिए जारी हुई। इस राशि को खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी कार्यालयों के खातों में डाला गया। मार्च में इन किचन शेडों की मरम्मत के लिए राशि डालने का सिलसिला शुरू हुआ है लेकिन इसी बीच बड़ी लापरवाही यह हो गई कि कुछ स्कूल प्रबंधकों को यह राशि एक बार के बजाय दो बार डल गई। अब ऐसे स्कूलों का पता लगाने के लिए विभागीय कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। मिड-डे मील के जिला समन्वयक हुकम सिंह ने बताया कि कुछ स्कूलों को दो बार राशि ट्रांसफर हो गई है। इसके बारे में पड़ताल की जा रही है। दोबारा जारी हुई राशि को वापस लिया जाएगा। कहा कि वर्तमान में डाटा उपलब्ध है। इसके बारे में जल्द जानकारी दी जाएगी।